कामयाबी की कीमत चुकाती करीना कपूर


कामयाबी की कीमत सभी को चुकानी पड़ती है। इन दिनों करीना कपूर इसी फेज से गुजर रही हैं। दरअसल, जब वी मेट के बाद उनकी जिंदगी हर लिहाज से इसलिए बदल गई, क्योंकि सोलो हीरोइन के रूप में उनकी फिल्म रातोंरात हिट हो गई। इस फिल्म में उनके काम की तारीफ की गई और इसीलिए अब पुरस्कारों की बरसात हो रही है। अभी तक दो बड़े पुरस्कार उनकी झोली में आ चुके हैं और ऐसा माना जा रहा है कि देश-विदेश के सारे पुरस्कार इस बार अकेले करीना कपूर ही ले जाएंगी। पुरस्कारों की बात चलने पर आंतरिक खुशी से उनका चेहरा दीप्त हो उठता है। वे सूफियाना अंदाज में कहती हैं, पुरस्कारों का मिलना अच्छा लगता है। कई बार नहीं मिलने पर भी दुख नहीं होता, लेकिन यदि जब वी मेट के लिए पुरस्कार नहीं मिलता, तो जरूर बुरा लगता। करीना कपूर अभी से लेकर अगले साल के अप्रैल महीने तक व्यस्त हैं, लेकिन उन्होंने सोच रखा है कि समय से सूचना मिल गई, तो वे हर पुरस्कार लेने जाएंगी और कुछ अवार्ड समारोह में परफॉर्म भी करेंगी।
करीना पर इधर बेवफाई का आरोप लगा है। कुछ लोगों की राय में उन्होंने शाहिद कपूर को छोड़ कर अच्छा नहीं किया। वास्तव में करीना के प्रशंसक आज भी सैफ अली खान के साथ उनके प्रेम को स्वीकार नहीं कर सके हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि शाहिद बेचारा हो गया है। सच्चाई यह है कि करीना ने हाल ही में शाहिद के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी और घंटों बातें भी कीं। दरअसल, दोनों एक-दूसरे की गतिविधियों से वाकिफ रहते हैं। जरूरत पड़ने पर सलाह-मशविरा भी करते हैं। और तो और, दोनों का पब्लिसिटी एजेंट भी एक ही व्यक्ति है।
लंबे समय तक करीना कपूर फ्लॉप फिल्मों की हिट हीरोइन के तमगे के साथ घूमती रहीं। इसे करीना की खूबी और निर्माता-निर्देशकों का उनके प्रति विश्वास ही कहें कि एक-एक कर फ्लॉप होती फिल्मों के बावजूद उन्हें हर तरह की फिल्में मिलती रहीं। करीना खुद कहती हैं, मुझे मालूम था कि मेरी फिल्में नहीं चल पा रही हैं। उस दौर में कुछ निर्माताओं ने किनारा भी कर लिया, लेकिन मुझे कोई मलाल नहीं है। मुझे खुशी है कि उसी दौर में मैंने चमेली, देव और ओमकारा जैसी फिल्में भी कीं। आप बताएं कि समकालीन हीरोइनों में और किस हीरोइन ने ऐसी वॅरायटी दी है! अपने इस साफदिल और मुंहफट स्वभाव के कारण ही करीना को कई बार दिक्कतें भी हुई हैं। उनके साथ यह अच्छी बात है कि वे कुछ भी मन में नहीं रखतीं। इस मुलाकात में करीना ने खुल कर बताया कि वे जॉन अब्राहम के साथ फिल्म में क्यों काम कर रही हैं? सभी जानते हैं कि करण जौहर के शो में उन्होंने जॉन अब्राहम की आलोचना यह कह कर की थी कि उनके चेहरे पर कोई एक्सप्रेशन ही नहीं रहता। याद दिलाने पर वे समझाती हैं, मुझे नहीं लगता कि मेरे उस स्टेटमेंट को जॉन ने सीरियसली लिया था और फिर वह एक प्रकार का शो है। मुझे अष्ट विनायक की तरफ से रूमी जाफरी की इस फिल्म का ऑफर मिला, तो मैंने इसलिए भी अपनी स्वीकृति दे दी कि जॉन के साथ यह मेरी पहली फिल्म होगी। दर्शक हमेशा नई जोडि़यां देखना पसंद करते हैं। कौन जाने, हमारी जोड़ी हिट हो गई तो? वैसे, करीना फिलहाल अजय देवगन, अक्षय कुमार, सलमान खान, सैफ अली खान और संभव है कि आमिर खान के साथ फिल्मों में काम कर रही हैं। उन्होंने अजय देवगन के साथ हाल ही में गोलमाल रिट‌र्न्स की शूटिंग पूरी की है। वे इसी महीने की 15 तारीख से मेलबॉर्न में मैं और मिसेज खन्ना की शूटिंग आरंभ कर रही हैं। करीना आगे बताती हैं, ऑस्ट्रेलिया के बाद मुझे साजिद नाडियाडवाला की फिल्म कमबख्त इश्क के लिए लॉस एंजिल्स भी जाना है। वहां लगभग पचास दिनों तक अक्षय कुमार के साथ शूटिंग करनी है। फिर मैं लंदन आ जाऊंगी। लंदन में करण जौहर निर्मित और रेंजिल डिसिल्वा निर्देशित फिल्म करूंगी। इसमें मेरे साथ सैफ हैं। उसके बाद न्यूजीलैंड और स्पेन में रूमी जाफरी की फिल्म की शूटिंग करनी है। क्या इस लंबे शेड्यूल में भारत आना-जाना होगा? करीना तुरंत कहती हैं, क्यों नहीं? ऐड फिल्मों और दूसरे प्रोफेशनल कमिटमेंट भी तो रहते हैं और उनके लिए तो मुझे बीच-बीच में आना ही पड़ेगा। हालांकि वे यह नहीं बतातीं कि कुछ यात्राएं तो सैफ के लिए भी होंगी या फिर सैफ उनके सेट पर पहुंचते रहेंगे!

Comments

Manjit Thakur said…
करीना का मामला नया नहीं है..हरेक को कामयाबी की कीमत चुकानी होती ही है।
Anonymous said…
क्या कोई इन्द्रजाल कॉमिक्स में रूचि रखता है?
एक कॉमिक्स फ्री डाउनलोड के लिए उपलब्ध है.
ये रहा लिंक:
http://www.mediafire.com/?cixxjxetdyx
(इन्द्रजाल कॉमिक्स नम्बर १६, प्रकाशन वर्ष: १९६५, भाषा: इंग्लिश, टाइटल: The Diamond Cup.)

Popular posts from this blog

फिल्‍म समीक्षा : एंग्री इंडियन गॉडेसेस

संस्‍मरण : विरेन्‍द्र वर्मा,कुर्सियां और स्‍टार

Gr8 Marketing turns Worst Movies into HITs-goutam mishra