इस शो से सिग्‍नेचर ऑटोग्राफ बनेगा- सुनील शेट्टी



इस शो से सिग्‍नेचर ऑटोग्राफ बनेगा- सुनील शेट्टी
(ऐंड टीवी पर आरंभ हो रहे इंडियाज असली चैंपियन...है दम के मेजबान सुनील शेट्टी से बातचीत।)
-अजय ब्रह्मात्‍मज
आज से एंड टीवी पर सुनील शेट्टी की मेजबानी और देखरेख में देश के विभिन्‍न हिस्‍सों से आए प्रतिभागी(6 लड़के और 6 लड़कियां) अपने दमखम का परिचय देंगे। इंडियाज असली चैंपियन... है दम नाम से आरंभ हो रहे इस रियलिटी शो की थीम शरीर चुस्‍त,दिमाग दुरूस्‍त से प्रेरित है। पहली बार किसी रियलिटी शो में शारीरिक और मानसिक क्षमता पर जोर दिया जा रहा है। इस रियलिटी शो में ट्रेनर के रूप में शिवोहम और वृंदा मेहता की बड़ी भूमिका होगी। शो के दौरान के तनाव,डर और आशंकाओं को कम करने के लिए परितोष त्रिपाठी को रखा गया है। वे अन्‍ना का चौकन्‍ना के तहत माहौल को हल्‍का बनाए रखेंगे।
पिछले दिनों गोवा में बनाए गए चैंपियन विलेज में जाने और प्रतिभागियों से मिलने का मौका मिला। प्रतिभागियों में सुनील मेनन,अर्जुन खुराना,सुमित कुरहादे,चिन्‍मय म्‍हात्रे,नीरज राव,संजय नेगी,उर्मिमाला बरुआ,ज्‍वॉय सुपा परवीन,गुरलीन कौर ऐश्‍वर्या सलागरे,स्‍वाति चौहान और कविता कोलापकर हैं। इनके साथ ही शो के मजबान सुनील शेट्टी से भी बातें हुईं। एक अंतराल के बाद सुनील शेट्टी फिर सेसक्रिय हुए हैं। फिटनेस के लिए मशहूर सुनील शेट्टी इस शो के कांसेप्‍ट और अपनी भागीदारी से बहुत खुश हैं।
-एक अंतराल के बाद आप सक्रिय हुए हैं?
0 लगभग साढ़े तीन सालों के विश्राम के बाद सक्रिय हुआ हूं। ऐसा कुछ प्‍लान नहीं किया था। पापा की बीमारी बढ़ गई थी। उन्‍होंने बिस्‍तर पकड़ लिया था। उस दौरान कोई भी ऐसी सुबह या शाम नहीं होगी,जो मैं उनके साथ नहीं रहा।(यह बोलते समय अन्‍ना की आंखों में आंसू छलक आए थे,जिन्‍हें उन्‍होंने जबरन रोका। फिर भी उनकी आवाज भर्रा गई)। उन्‍हें लकवा मार गया था। उन साढ़ तीन सालों में मुझे उनकी सेवा का मौका मिला। संयोग ही रहा कि मैा खुद ही खाली हो गया। मेरी बहन अमरिका से आ गई। पापा ने अपनी एनर्जी से हमें अपने पास खींच लिया था। उनकी मत्‍यु के बाद मेरे पास कई ऑफर आए। यह मैं किसी को समझा नहीं सकता। कोई ताकत काम कर रही थी। मुझे अपनी पसंद का शो मिल गया। इंडियाज असली चैंपियन...है दम वास्‍तव में मेरे मिजाज का शो है।
-इस रियलिटी शो की क्‍या खासियत है?
0 इस शो में सेलिब्रिटी नहीं हैं। कॉमन लोगों के बीच से हम ने 12 लड़के-लड़कियों को चुना है। वे अपनी सोच और दृढ़ता से उन ऊंचाइयों तक जाते हैं,जिनकी कल्‍पना उन्‍होंने कभी नहीं की होगी। यह क्षमता उनके अंदर रहती है। हम उनकी क्षमताओं को बढ़ाएंगे। हम कॉमन मैन को स्‍टार बनाएंगे। एक सिग्‍नेचर को ऑटोग्राफ बनाएंगे।
-इस शो में शारीरिक और मानसिक क्षमताओं पर जोर देने की क्‍या वजह है?
0 इसका फार्मेट शुद्ध भारतीय है। जी फार्मेट फैक्‍टरी ने इस शो को तैयार किया है। भारतीय परंपरा में योग का खास महत्‍व है। इधय योग बहुत पॉपुलर हो गया है। पापा की बीमारी के दौरान मैंने योग और प्राणायाम के महत्‍व को समझा। अपने निजी अनुभवों से मैंने पाया कि कसरत और योग से सब कुछ हासिल कर सकते हैं।
-आप की क्‍या भूमिका रहेगी?
0 मैं इस शो का हिस्‍सा हूं। दूसरे रियलिटी शो की तरह मैं केवल मेजबानी नहीं कर रहा हूं। शिवोहम और वृंदा असल ट्रेनिंग देते हैं। मैं प्रतिभागियों के साथ रहता हूं। हमें शुरू में लगता है कि कसरत कर पाना असंभव है,लेकिन मेहनत और चेष्‍टा से सब हासिल किया जा सकता है। मैं देख रहा हूं कि प्रतिभागियों की सोच और शरीर में सुधार आया है। उनके अचीवमेंट से खुशी होती है। चूंकि मैं खुद शरीर पर ध्‍यान देता हूं तो अपनी जानकारियां भी शेयर करता हूं।
-दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा...
0 सिर्फ मनोरंजन नहीं होगा। अगर उन्‍होंने ट्रेनिंग और मेंअर की कही बातों पर गौर किया और अपने जीवन में अमल किया तो वे पाएंगे कि वे भी स्‍वस्‍थ हो रहे हैं। हमलोग कसरत और भोजन के बारे में भी बताएंगे। दोनों के समन्‍वय और संतुलन से मानसिक और शारीरिक क्षमता बढ़ाई जा सकती है। मानसिक क्षमता बढ़ने पर ही चित्‍त शांत होगा और शरीर में स्‍फूर्ति आएगी।

Comments

Popular posts from this blog

तो शुरू करें

फिल्म समीक्षा: 3 इडियट

फिल्‍म समीक्षा : आई एम कलाम