सिनेमालोक : सोनम कपूर की शादी


सिनेमालोक

सोनम कपूर की शादी

-अजय ब्रह्मात्मज

आज सोनम कपूर की शादी होगी और रिसेप्शन भी हो जायेगा। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में सोनम की शादी सुर्ख़ियों में है। हाल-फिलहाल में यह किसी फिल्म स्टार की पहली ऐसी शादी है,जिसमें कुछ भी छिपाया नहीं जा रहा है।  समय रहते मीडिया को सारी जानकारियां दी जा रही हैं। गौर करें तो तस्वीरें और वीडियो भी मिल जा रहे हैं। सोनम के दर्शकों और प्रशंसकों के साथ परिजन भी खुश हैं। सोनम कपूर नए ज़माने की समझदार अभिनेत्री हैं।  वह आम दर्शकों की जिज्ञासाओं को समझती हैं। अपनी पीआर टीम के सहयोग से वह सभी के प्यार,स्नेह और सद्भावनाएँ बटोर रही हैं। सोनम के आलोचक भी मानते हैं कि सोनम के बात-व्यवहार में शालीनता और गरिमा रहती है। वह अपनी भावनाएं खुले मन से व्यक्त करती हैं। वह स्वंतत्रा स्वभाव की अभिनेत्री हैं।

मुझे याद है अभिषेक डोगरा की फिल्मडॉली की डोली के समय मैं फिल्म के मुख्य कलाकार राजकुमार राव से मिलने गया था। वहीँ पहली बार अभिषेक डोगरा से परिचय हुआ था। फिल्म के लेखक उमाशंकर सिंह थे। उमा पहले पत्रकार रह चुके हैं और दृढ इरादे के साथ फिल्म लेखन में आये हैं। वही सोनम से संक्षिप्त मुलाक़ात हुई थी। पहली फिल्मसांवारिया के समय से ही सोनम से एक अंतरंगता सी रही है। हर मुलाक़ात में उनका स्नेहसिक्त आदर मिलता रहा है। उसी मुलाक़ात के दरम्यान पता चला था कि अनमोल उनके खास मित्र हैं। वह उन्हें कोई गिफ्ट भेजना चाह रही थीं। अपने स्टाफ के साथ वह ऐसी बाबत डिस्कस  कर रही थीं।  मीडिया के हिसाब से यह बड़ी खबर हो सकती थी,क्योंकि तब तक किसी को भनक नहीं थी कि सोनम का कोई करीबी दोस्त भी है। मैंने इस राज को जाहिर कर खबर नहीं बनाया और न ही किसी और को कभी बताया। आदर,अंतरंगता और परस्पर विश्वास की अलिखित शर्त है भरोसा।

आज उसी सोनम की शादी हो रही है। वह शादी से सम्बंधित खुशियों की हक़दार है। उसने सही समय पर शादी करने का फैसला किया है। फ़िल्मी करियर के उठान पर किसी अभिनेत्री का शादी का फैसला आत्मघाती माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि शादी के बाद अभिनेत्रियों को फ़िल्में नहीं मिलतीं। उनके ससुराल और पति की तरफ से पाबंदियां लगती हैं,जिन्हें पारिवारिक ज़िम्मेदारी के नाम पर थोप दिया जाता है। हम ने हिंदी फिल्मों के इतिहास में अनेक अभिनेत्रियों को शादी के बाद घर की देहरी में सिमटते देखा है। कहा तो यही जाता है कि उन सभी ने स्वेच्छा से यह फैसला लिया है,लेकिन हम सभी भारतीय परिवारों में इन स्वैच्छिक फैसलों की सच्चाई जानते हैं।
सोनम शादी के बाद नहीं सिमटेंगी। खबर है कि शादी के कुछ दिनों के बाद ही वह कान फिल्म समारोह के रेड कारपेट पर अपने प्रोफेशनल दायित्वों को संभालती नज़र आएँगी। उनकी फिल्मवीरे दी वेड़िंग भी रिलीज पर है। वहसंजमें टीना मुनीम के रूप में औरएक लड़की को देखा तो ऐसा  लगामें अपने पिता अनिल कपूर के साथ दिखेंगी। बहन रिया के साथ वह फिल्म प्रोडक्शन में भी उतर चुकी हैं। वह आज की अभिनेत्री हैं,जो शादी के बाद अतिरिक्त परहेज नहीं करेंगी। पहले की तरह बिंदास भूमिकाओं में समकालीन अभिनेताओं के साथ झूमती-नाचती रहेंगी। दर्शकों को लुभाती रहेंगी।  

सोनम कपूर इस दौर की उस पीढ़ी की अभिनेत्री हैं,जो शादी के बाद ‘पत्‍नी अभिनेत्री’ के दायरे में नहीं रहतीं। काजोल,करीना कपूर,विद्या बालन और अन्‍य अभिनेत्रियां शादी के बाद फिल्‍मों में हर तरह की भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। यकीनन सोनम कपूर भी इसी नई परंपरा की अगली कड़ी होंगी। जमाना बदल गया है। 21 वीं सदी के दर्शक्‍ शादीशुदा अभिनेत्रियों से नहीं बिदकते। वे उन्‍हें खुले दिल से स्‍वीकार करते हैं।  

Comments

Popular posts from this blog

तो शुरू करें

फिल्म समीक्षा: 3 इडियट

फिल्‍म समीक्षा : आई एम कलाम