टीवी अवतार में दिखेंगे अनिल कपूर



-अजय ब्रह्मात्मज
      अपनी पीढ़ी के अभिनेताओं में अनिल कपूर ही सक्रिय और सक्षम दिख रहे हैं। स्लमडाग मिलियनेयरने शिथिल हो रहे उनके करिअर में नई गति दे दी। वे देश से निकल कर विदेश में पहचाने गए। उन्हें वहां की फिल्म मिली और टीवी शो ...  ऐसे ही एक टीवी शो 24ने अनिल कपूर पर ऐसा असर डाला कि उन्होंने उसे भारत में पेश करने के अधिकार खरीदे। 24नामक क्राइम थ्रिलर अमेरिका का लोकप्रिय टीवी शो है। पिछले कुछ समय से इस टीवी शो की तैयारी में लगे अनिल कपूर ने अब चैनल का चुनाव कर लिया है। अगले साल के पहले उत्तरार्द्ध में इसका प्रसारण होगा। असके साथ ही अनिल कपूर का टीवी अवतार होगा। उन्होंने इस शो की खासियत, तैयारी और संभावनाओं पर झंकार से बातचीत की ...
- 24’  का खयाल कैसे आया?
0 मैं अमेरिका में 24’  टीवी शो की शूटिंग कर रहा था। तीन-चार एपीसोड करने के बाद ऐसा लगा कि इसमें कुछ बात है। अगर भारत में इसे ले जाया जाए तो दर्शक पसंद करेंगे। ऐसा लगने पर मैंने 24के पहले के भी सीजन देखे। मुझे यह भारत के लिए प्रासंगिक शो लगा। मैंने उनसे इस संबंध में बात की तो उन्होंने कहा कि पहले अपना काम खत्म कर लें।
- फिर ...
0 अपना शेड्यूल खत्म करने के बाद मैंने फिर से बात छेड़ी। तब तक मुझ पर उनका भरोसा बढ़ चुका था। हावर्ड कोर्डन ने मेरी मदद की। 24के फस्र्ट सीजन से वे जुड़े हुए हैं। इसके बातचीत में एक साल का समय लगा। आखिरकार मुझे अधिकार मिला। यहां तैयारी शुरू करने के साथ ही मैंने चैनलों से बातचीत आरंभ की। अब जाकर यह कलर्स पर आना तय हुआ।
- भारत के लिए रूपांतरित करते समय 24में किस प्रकार के परिवर्तन होंगे?
0 इतनी जल्दी सब कुछ बताना ठीक नहीं रहेगा। इसे रेंसिल डिसिल्वा (कुर्बानके निर्देशक)लिख रहे हैं। इसका निर्देशन अभिनय देव करेंगे। मैं अपने सारे क्रिएटिव एक्सपीरियेंस इसमें डाल रहा हूं। इस शो के साथ नेशनल और इंटरनेशन टैलेंट भी मजबूत क्रिएटिव टीम रहेगी। शुरू के दो एपीसोड लिखे जाने के बाद मैंने सुना तो ऐसा लगा कि यह पूरी तरह से भारतीय शो है। 24की खासियत है कि इसका इमोशनल कॉर्ड हर देश के दर्शक से जुड़ जाता है। पहली बार अमेरिका से बाहर इस शो के अधिकार दिए गए हैं। इस शो में क्राइम है, थ्रिलर है, इमोशन है, फैमिली है, फिक्शन भी है और रियलिटी भी है।  हम ने इसका टैग लाइन रखा है-गोली और घड़ी 24 घंटे चलेगी।
- क्या मूल 24’  की तरह यहां भी इसकी आउटडोर शूटिंग होगी? क्या आपको लगता है कि मुंबई जैसे शहर में शूटिंग की प्रशासनिक सुविधाएं आपको मिल पाएंगी?
0 बिल्कुल। हम इसकी शूटिंग मुख्य रूप से मुंबई में करेंगे। सीन के जरूरतों के हिसाब से देश के दूसरे हिस्सों में या विदेश भी जाएंगे। मुझे नहीं लगता कि मुंबई में किसी प्रकार की कोई दिक्कत होगी। फिल्म और टीवी यूनिट को प्रशासन की हर सुविधा मिलती है। एक आवश्यकता होती है कि सब कुछ ढंग से प्लान किया गया हो। सारे जरूरी परमीशन ले लिए गए हों। मैंने खुद मुंबई में कई फिल्मों की शूटिंग सडक़ों पर की है। मुझे कभी कोई दिक्कत नहीं हुई। न तो पब्लिक से न प्रशासन से। इस शो में हम मुंबई के उन गली-चौराहों को भी दिखाएंगे जो अभी तक छोटे और बड़े पर्दे पर नहीं दिखाए गए हैं। पहले सीजन में हमलोग मुंबई तक सीमित रहेंगे। 24के हर सीजन में 24 एपीसोड होंगे। अभी हमलोग ने तय नहीं किया है कि हफ्ते चार दिन या एक दिन इसका प्रसारण करेंगे।
- 24के हीरो का नाम भारत में क्या होगा?
0 मेरा नाम जय होगा।
- क्या स्लमडॉग मिलिनेयरबाद इंटरनेशन एक्सपोजर का यह असर है कि आप 24लेकर भारत में आ रहे हैं ? क्या इसके पीछे कैरियर शिफ्ट की भी योजना है?
0 कैरियर शिफ्ट के बारे में मैंने कभी सोचा नहीं है। मैं हमेशा बहाव के साथ चलता रहा हूं। बीच-बीच में अगर ऐसा लगा कि कुछ नया करना चाहिए तो ज्यादा सोच-विचार किए बगैर मैंने कर दिया। आप ने सही ....इंटरनेशनल एक्सपोजर से फर्क पड़ा है। वहां मैंने जो कुछ भी सीखा है उसे भारत में लाने की कोशिश करता रहूंगा। ऐसा नहीं है कि सिर्फ मैंने ही सीखा है। मैंने उन्हें सिखाया भी है।
- आप ने क्या सिखाया?
0 इमोशन और परिवार के मूल्य। दिन-रात की शूटिंग के बाद समय मिलते ही आराम करने के बजाए मैं भारत फोन करता था। बीवी-बच्चों से बातें करता था। ये सब बात उन्हें अजीब लगती थी। वे चौंकते थे और कहते थे कि अपने मां-बाप से बात किए हमें छह-छह महीने हो जाते हैं। तुम आराम नहीं करते। फुर्सत मिलते ही घर पर फोन करते हो। मेरे कहने पर उन्होंने अपने परिजनों से बातें की। बाद में उससे मिली खुशी के बारे में हमें बताया। मुझे लगता है कि इमोशनल आधार मजबूत रहे तो काम भी अच्छा होता है। वहां के वर्क कल्चर में फैमिली और इमोशन का ज्यादा महत्व नहीं है। भारत में हमलोग मुंहजबानी ही बहुत सारे अनुबंध कर लेते हैं।
- 24से कैसी उम्मीदें हैं?
0 हमारी कोशिश है कि भारत में टीवी शो का स्तर और ऊंचा हो। हम अपनी क्षमता से इसे नई ऊंचाई तक ले जाएंगे। शो का स्केल ऊंचा होगा तो दर्शकों को पूरा मजा आएगा।
- इस बीच क्या फिल्में नहीं करेंगे?
0 फिल्में तो करता ही रहूंगा। अभी शूट आउट एट वडालाकी शूटिंग चल रही है। रेस-2पूरी हो गई है। वह अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होगी। मैंने अपने कैरियर में कभी कोई हड़बड़ी नहीं दिखायी। हमेशा आराम से काम किया। अब भी यही कर रहा हूं। कभी पैसों के लिए कोई फिल्म नहीं किया। 


24 के संयोग
इस शो का नाम 24है। 24 अक्टूबर को अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। कलर्स पर इसके प्रसारित होने की घोषणा 24 नवंबर को हुई। हमारी कोशिश होगी कि अगले साल किसी महीने में 24 तारीख को ही इसका प्रसारण आरंभ हो। मेरा जन्मदिन 24 दिसंबर है। यह भी कोशिश होगी कि शो का फस्र्ट लुक 24 दिसंबर को आ जाए।




Comments

Popular posts from this blog

तो शुरू करें

फिल्म समीक्षा: 3 इडियट

फिल्‍म समीक्षा : आई एम कलाम