क्लब 100 करोड


-अजय ब्रह्मात्मज
    24 दिसंबर 2008 को रिलीज हुई आमिर खान की ‘गजनी’  ने हिंदी फिल्मों के लिए 100 करोड़ क्लब का द्वार खोल दिया था। ऐसा लग रहा हे कि पांच सालों के बाद 20 दिसंबर 2013 को रिलीज हो रही आमिर खान की ‘धूम 3’ से 100 करोड़ क्लब के द्वार का विस्तार होगा। वैसे इस बार ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘कृष 3’ की कामयाबी ने इस क्लब की सदस्यता राशि बढ़ा कर 200 करोड़ कर दी है।
    मजेदार तथ्य है कि अब दर्शक भी पूछने लगे हैं कि क्या रिलीज हो रही फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल होगी? डायरेक्टर और एक्टर से पत्रकारों का पहला या आखिरी सवाल यही रहता है कि क्या आप 100 करोड़ क्लब का दबाव महसूस कर रहे हैं? हालांकि सारे डायरेक्टर और एक्टर इस दबाव की सच्चाई से इंकार करते हैं, लेकिन उनकी एक ही आकांक्षा रहती है कि उनकी फिल्म जल्दी से जल्दी 100 करोड़ क्लब में चली जाए। ‘कृष 3’ की जबरदस्त कामयाबी ने तो नई लकीर खींच दी है। अब देखना है कि इस साल कोई उससे बड़ी लकीर खींच पाता है या नहीं?
    जिस रफ्तार से मल्टीप्लेक्स बढ़ रहे हैं और थिएटर में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है, उस से यही लगता है कि शायद 2014 में फिल्मों का कारोबार 500 करोड़ तक पहुंच जाएगा। अगर नहीं तो 2015 में तो निश्चित ही 500 करोड़ क्लब आरंभ हो जाएगा। दरअसल, बढ़ते  सिनेमाघर,बढ़ते दर्शक और बढ़ते टिकट दर ने फिल्मों के कारोबार में गति ला दी है। सभी निर्माताओं की कोशिश रहती है कि अधिकाधिक स्क्रीन में फिल्में रिलीज कर जल्दी से जल्दी 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लें। ट्रेड पंडितों के मुताबिक अगर कोई फिल्म रिलीज शत-प्रतिशत कारोबार करे तो एक दिन में 40 करोड़ का कलेक्शन हो सकता है। इस हिसाब से 3 दिनों में सफल फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है। अभी ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘कृष 3’ को 4-4 दिन लगे हैं।
    अभिनेताओं में अभी तक सलमान खान 5 फिल्मों से बढ़त बनाए हुए हैं। उनके पीछे अजय देवगन और शाहरुख खान 4-4 फिल्मों की कामयाबी के साथ खड़े हैं। दो का आंकड़ा पार करने वालों में रितिक रोशन, आमिर खान,रणबीर कपूर,जॉन अब्राहम और रितेश देशमुख हैं। थोड़े पुराने अभिनेताओं में विवेक ओबेराय भी अब इस क्लब में शामिल हो गए हैं। इस साल रणवीर सिंह की एंट्री ने रणबीर कपूर को चुनौती दे दी है। 100 करोड़ क्लब में शामिल अभिनेत्रियों में 5 को 4-4 फिल्मों की कामयाबी मिली है। इनमें प्रियंका चोपड़ा, असिन, करीना कपूर, दीपिका पादुकोण और सोनाक्षी सिन्हा शामिल हैं। इस समानता के बावजूद माना जा रहा है कि दीपिका पादुकोण कलेक्शन और पॉपुलैरिटी के लिहाज से सबसे आगे हैं।
    निर्देशकों में केवल रोहित शेट्टी की ही 4 फिल्में 100 करोड़ क्लब में शामिल हैं। बाकी सारे निर्देशक अभी तक 1-1 फिल्म की कामयाबी के बाद अगली सफलता के इंतजार में हैं।
(अंत में इस जिज्ञासा का जवाब कोई ट्रेड पंडित नहीं देता कि इसे 100 करोड़ क्लब क्यों कहा जाता है? भारत में अंकों की गणना के लिए अलग-अलग शब्द मौजूद हैं। 100 करोड़ तो कायदे से 1 अरब हुआ। इस तरह ये सारी फिल्में अरबपति या अरबवती फिल्में कही जा सकती हैं। )

हीरो
सलमान खान - 5
अजय देवगन - 4
शाहरुख खान - 4
रितिक रोशन - 1
आमिर खान - 1
अक्षय कुमार - 2
जॉन अब्राहम - 2
रणबीर कपूर - 2
रितेश देशमुख - 2
विवेक ओबेराय - 2
सैफ अली खान - 1
अभिषेक बच्चन - 1
फरहान अख्तर - 1
आफताब शिवदासानी - 1
रणवीर सिंह - 1

हीरोइन

प्रियंका चोपड़ा - 4
असिन - 4
करीना कपूर - 4
सोनाक्षी सिन्हा - 4
दीपिका पादुकोण - 4
कट्रीना कैफ - 2
जैक्लीन फर्नांडिस - 2
काजल अग्रवाल - 1
सोनम कपूर - 1

डायरेक्टर
रोहित शेट्टी - 4

क्लब 100 करोड़
क्र ़    फिल्म                 रिलीज तारीख         कारोबार
़1    कृष 3                    1 नवंबर 13            242 ़82
2    चेन्नई एक्सप्रेस        9 अगस्त 13            227 ़13
3    3 इडिएट                   25 दिसंबर 09            202 ़47
4    एक था टायगर          15 अगस्त 12            198 ़78
5    ये जवानी है दीवानी    31 मई 13            188 ़57
6    दबंग 2                       21 दिसंबर 12        155 ़00
7    बॉडीगार्ड                     31 अगस्त 11            148 ़86
8    दबंग                          10 सितंबर 10        138 ़88
9    राउडी राठोड़                1 जून 12             133 ़25
10    जब तक है जान        12 नवंबर 12            120 ़85
11    रेडी                            3 जून 11            119 ़78
12    अग्निपथ                  26 जनवरी 12        115 ़00
13    रा ़ वन                   26 अक्तूबर 11        114 ़29
14    गजनी                     24 दिसंबर 11        114 ़00
15    बर्फी                        14 दिसंबर 12         112 ़ 15
16    भाग मिल्खा भाग    12 जुलाई 13         188 ़93
17    डॉन 2                     23 दिसंबर 11        106 ़71
18    गोलमाल 3             5 नवंबर 10            106 ़ 34
19     हाउसफुल 2           6 अप्रैल 12            106 ़00
20     सन ऑफ सरदार   12 नवंबर 12         105 ़03
21    बोल बच्चन            6 जुलाई 12            102 ़94
22    ग्रैंड मस्ती               13 सितंबर 13         102 ़00
23    रेस 2                      25 जनवरी 13        100 ़45
24    सिंघम                    22 जुलाई 11            100 ़30
25    गोलियों की रासलीला रामलीला     15 नवंबर 13     100 ़02

Comments

Popular posts from this blog

तो शुरू करें

फिल्म समीक्षा: 3 इडियट

फिल्‍म समीक्षा : आई एम कलाम